महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पटेवा थाना क्षेत्र के बावनकेरा चौक के पास तेज रफ्तार कार पीछे से 16 चक्का ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी में शामिल होकर लौट रहे थे कार सवार
जानकारी के अनुसार, कार में पांच लोग सवार थे। सभी ओडिशा के संबलपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर बावनकेरा चौक के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे 16 चक्का ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
दो महिलाओं की मौत, तीन घायल
हादसे में घायल पांचों लोगों को उपचार के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार राजनांदगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान करने का प्रयास जारी है।



