धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन में देर रात हुए इस विवाद में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुजगहन के मुख्य मार्ग पर पुरानी दुश्मनी को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। इस दौरान दोनों युवकों पर लात-घूंसों, लकड़ी के डंडों और धारदार चाकू से हमला किया गया। हमले में दीपांशु साहू और विकास साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद दोनों को उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने दीपांशु साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास साहू का इलाज जारी है।
पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस सक्रिय हुई और इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान रत्नाबांधा, धमतरी निवासी फनेश्वर नेताम (18), रितेश नेताम (22), लिलेश उर्फ लिलेश्वर नेताम (20) और नोहर यादव उर्फ काला (23) के रूप में हुई है।
पुलिस ने पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम बयान के आधार पर हमले में इस्तेमाल किए गए लकड़ी के दो डंडे सहित अन्य सामग्री भी बरामद की है।
हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 296, 115(2) और 191 के तहत मामला दर्ज किया। चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।



