कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के अवसर पर कबीरधाम जिले के ग्राम भलपहरी और अचानकपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने माता दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उप मुख्यमंत्री ने दोनों गांवों के लिए कुल 48 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।
ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं
ग्राम भ्रमण के दौरान विजय शर्मा ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनसे बातचीत करते नजर आए। उन्होंने लोगों की मांगों और समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
भलपहरी में डिजिटल सेवा केंद्र और स्कूल भवन का लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री ने ग्राम भलपहरी में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और शासकीय प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया। डिजिटल सेवा केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों को बैंकिंग और डिजिटल सेवाओं का लाभ गांव में ही मिल सकेगा।
इसके माध्यम से ग्रामीण महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की राशि निकाल सकेंगे। साथ ही जमा जैसी बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। इससे छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी और समय व यात्रा खर्च की बचत होगी।
दोनों गांवों में इन विकास कार्यों की घोषणा
ग्राम भलपहरी में हाई स्कूल रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपये, प्राथमिक शाला में किचन शेड के लिए 4 लाख रुपये और अकालगरिहा पारा में सामुदायिक भवन के लिए 6.50 लाख रुपये की घोषणा की गई।
वहीं, ग्राम अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपये, मुख्य मार्ग से पंचराम के घर की ओर सीसी रोड के लिए 2.60 लाख रुपये तथा मैदान और गोठान के समतलीकरण के लिए 2-2 लाख रुपये की घोषणा की गई।
बैगा क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं पर जोर
विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की बसाहटों तक सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बैगा आदिवासियों के आवास की राशि में गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और शासकीय राशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है।
भोरमदेव शक्कर कारखाने की उपलब्धि का किया उल्लेख
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में भोरमदेव शक्कर कारखाने को गन्ने की रिकवरी के मामले में देश में सर्वाधिक रिकवरी वाले कारखाने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
इस दौरे के दौरान ग्रामीण विकास, बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। घोषित विकास कार्यों से दोनों गांवों में सड़क, सामुदायिक सुविधाओं और अन्य स्थानीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।



