रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के ग्राम लोहझरी में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद वे मंदिर परिसर में ही ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठ गए और गांव की जरूरतों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 20 लाख 20 हजार रुपये देने की घोषणा की।
गांव में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चार सीसी रोड निर्माण हेतु 10 लाख 40 हजार रुपये की घोषणा की गई। इसके अलावा दुर्गा मंदिर में रंगमंच निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये, हनुमान मंदिर के पास रंगमंच निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये तथा महामाया मंदिर में दो मंचों के निर्माण के लिए 2 लाख 60 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। इन कार्यों से गांव में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए भी सुविधाएं विकसित होंगी।
हर महीने होगी विकास कार्यों की समीक्षा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गांवों में विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच, ठेकेदार और अन्य जनप्रतिनिधि हर महीने बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने स्थानीय लोगों की भागीदारी और निगरानी को टिकाऊ विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कवर्धा क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य जारी
विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा क्षेत्र में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य प्रगतिरत हैं। इनमें भोरमदेव कॉरिडोर, मेडिकल कॉलेज और रायपुर-बिलासपुर मार्ग का चौड़ीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी के लिए गठित टीमें हर महीने के पहले सप्ताह में मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करती हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद भी जताई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



