छत्तीसगढ़

कबीरधाम के 3 गांवों को मिली 1.55 करोड़ के गौरव पथ की सौगात, डिप्टी CM विजय शर्मा ने किया भूमिपूजन..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के अवसर पर कबीरधाम जिले के तीन गांवों में कुल 1 करोड़ 55 लाख 67 हजार रुपये की लागत से बनने वाले गौरव पथ निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस दौरान उन्होंने ग्राम सारंगपुर कला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की।

गौरव पथ निर्माण के लिए ग्राम सारंगपुर कला में 47.85 लाख रुपये, कारेसरा में 59.63 लाख रुपये और मड़मड़ा में 48.19 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और टिकाऊपन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से भी अपील की कि वे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखें और किसी भी कमी की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें।

कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं और मांगें सुनते नजर आए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि नई सरकार के गठन के बाद 12 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। पात्र परिवारों को आवास का लाभ दिलाने के लिए सर्वे सूची के अनुसार आगे की प्रक्रिया जारी रहेगी।

उप मुख्यमंत्री ने बस्तर में विकास और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए लोगों से सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बजाय वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने की अपील की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य मनीराम साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशीराम धुर्वे, जनपद अध्यक्ष रामकिंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Back to top button