छत्तीसगढ़

शिकायतों की जांच के बाद कलेक्टर का बड़ा फैसला, तीन अफसरों पर गिरी गाज..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शिक्षा विभाग से जुड़े तीन अधिकारियों पर एक साथ कार्रवाई की गई है। फरसाबहार विकासखंड में पदस्थ BEO और ABEO को कार्यालय में अटैच कर दिया गया है, जबकि BRC को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, प्रभारी विकासखंड स्रोत समन्वयक (BRC) देवेंद्र सिंह, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्गेश देवांगन और प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रविंद्रनाथ साय पैंकरा के खिलाफ शिक्षकों की ओर से शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों में आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार जैसे आरोप लगाए गए थे।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर BRC देवेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया। वहीं BEO दुर्गेश देवांगन को जिला पंचायत कार्यालय और ABEO रविंद्रनाथ साय पैंकरा को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।

देवेंद्र सिंह के खिलाफ कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा विभागीय जांच नियम, 1966 के तहत की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पत्थलगांव निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Back to top button