खैरागढ़। श्री सीमेंट फैक्ट्री और चूना पत्थर खनन परियोजना के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के बीच किसान नेता को कथित धमकी देने का मामला सामने आया है। किसान अधिकार संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र जंघेल ने आरोप लगाया कि उन्हें फोन पर गाली-गलौज कर आंदोलन से हटने का दबाव बनाया गया।
शिकायत के मुताबिक, 29 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे विचारपुर निवासी राजेश जंघेल ने वीरेंद्र को करीब 10 से 15 बार फोन किया। आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्हें आंदोलन से दूर रहने और ऐसा नहीं करने पर उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद वीरेंद्र जंघेल और समिति के सदस्य छुईखदान थाना पहुंचे और लिखित शिकायत देकर FIR, निष्पक्ष जांच तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो थाने का घेराव
किसान अधिकार संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि 3-4 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो 300 से 400 ग्रामीण थाने का घेराव कर सकते हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।



