छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ा H1N1 का खतरा, 10 नए मरीज मिलने से आंकड़ा 115..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 10 नए मरीज मिलने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 115 हो गई है। वहीं एक्टिव केस बढ़कर 28 हो गए हैं।

रायपुर में 3 नए मरीज मिले हैं, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 54 और एक्टिव केस 9 हो गए हैं। दुर्ग में भी 3 नए मरीज मिले हैं। रायगढ़ में 2, जबकि बिलासपुर और सरगुजा में 1-1 नया केस सामने आया है।

इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और कांकेर में भी पहली बार एक-एक मरीज मिला है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कई अन्य जिलों में भी पहले संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या ज्यादा कमजोरी महसूस होने पर इसे सामान्य वायरल समझकर खुद से दवा लेने से बचें। ऐसे लक्षण होने पर डॉक्टर से जांच और सलाह लेना जरूरी है।

बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

ऐसे करें बचाव

  • साबुन से नियमित हाथ धोएं।
  • बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह न छुएं।
  • खांसते-छींकते समय मुंह ढकें।
  • जरूरत के अनुसार मास्क का इस्तेमाल करें।
  • लक्षण होने पर भीड़ और सार्वजनिक जगहों से दूरी रखें।
  • संक्रमित व्यक्ति को डॉक्टर की सलाह के अनुसार अलग रखें।
  • घर में वेंटिलेशन अच्छा रखें।
  • फ्लू वैक्सीन के लिए डॉक्टर से सलाह लें।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और लक्षण दिखने पर समय पर इलाज कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Back to top button