छत्तीसगढ़

रायपुर में पोते ने की दादा की हत्या, संपत्ति विवाद में नुकीले हथियार से हमला..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम तुलसी में संपत्ति विवाद को लेकर 20 वर्षीय पोते ने अपने दादा पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दादा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।

संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान धनेश धीवर (45) के रूप में हुई है। आरोपी उसका पोता राहुल उर्फ खिलेंद्र धीवर (20) बताया गया है। दोनों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।

शुक्रवार 28 अगस्त की शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

नुकीली वस्तु से किया हमला

विवाद के दौरान राहुल ने कथित तौर पर दादा धनेश धीवर पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। हमले में धनेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान धनेश धीवर की मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी पोते को किया गिरफ्तार

हत्या की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ खिलेंद्र धीवर को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Back to top button