छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अगले दो दिन बारिश का दौर, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक बने निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) तथा मानसून ट्रफ और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के सक्रिय होने से प्रदेश में नमी लगातार बढ़ रही है। इसी वजह से अगले दो दिनों तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।

राजधानी रायपुर में आज पूरे दिन बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 25°C के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।

पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। पेंड्रा रोड में सर्वाधिक 26.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई, जबकि बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। इस सीजन में अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। यह बारिश खरीफ फसलों की बुआई और शुरुआती विकास के लिए लाभदायक मानी जा रही है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Back to top button