बीजापुर। बस्तर में नक्सली प्रवक्ता रूपेश समेत 140 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। DKSZCM (दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर) सदस्य रूपेश माड़ डिवीजन और इंद्रावती एरिया कमेटी इलाके में एक्टिव था। सभी हथियार के साथ इंद्रावती नदी के उसपरी घाट पहुंचे। यहां से उन्हें बोट के जरिए बीजापुर पुलिस के पास लाया गया है। इस पूरे इलाके में पुलिस बल को तैनात किया गया है। प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा जगदलपुर पहुंच गए हैं। कल शुक्रवार को सीएम विष्णुदेव साय के समक्ष सभी नक्सली आधिकारिक तौर पर सरेंडर करेंगे।
बताया जा रहा है कि रूपेश के साथ आए लोगों में 1 सेंट्रल कमेटी मेंबर, 2 दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर, 15 डिविजनल कमेटी मेंबर कैडर के माओवादी शामिल हो सकते हैं। इस सरेंडर के बाद पूरा माड़ डिवीजन खाली हो जाएगा। बता दें कि एक दिन पहले ही 15 अक्टूबर को कांकेर जिले में करीब 50 से ज्यादा नक्सलियों ने सरेंडर किया था। इनमें टॉप लीडर राजू सलाम, कमांडर प्रसाद और मीना शामिल है। जंगलों से बाहर आकर इन नक्सलियों ने कामतेड़ा बीएसएफ कैंप में हथियार डाले हैं।



