रायपुर। फर्जी सिम बेचने के मामले में ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज साइबर सेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फर्जी सिम कार्ड विक्रेता, पीओएस एजेंट, डिस्ट्रीब्यूटर समेत 11 आरोपियों को राजस्थान, मध्यप्रदेश, रायपुर, दुर्ग, धमतरी से गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों द्वारा जारी फर्जी सिम यूनाइटेड अरब अमीरात, श्रीलंका, नेपाल, म्यांमार में इस्तेमाल होने संबंधी साक्ष्य मिले हैं। फर्जी सिम को म्यूल अकाउंट के ब्रोकर, डिस्ट्रीब्यूटर और संचालकों को बेचा गया था। अपराध में संलिप्त अब तक 7000 से अधिक सिम कार्ड और 590 मोबाइल की पहचान हुई है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। म्यूल अकाउंट से संबंधित मामले में सिविल लाइन रायपुर थाने में अपराध दर्ज कर रेंज साइबर थाना रायपुर की टीम जांच कर रही है। विवेचना के दौरान अपराध में संलिप्त म्यूल बैंक अकाउंट में पंजीकृत मोबाइल नंबर की जानकारी संबंधित सिम सेवा प्रदाता कंपनी से प्राप्त की गई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अपराध में संलिप्त पाए जाने पर सिम कार्ड विक्रेता, सिम POS एजेंट, संवर्धक को राजस्थान, मध्यप्रदेश, रायपुर, दुर्ग, धमतरी से गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि नया सिम लेने/सिम पोर्ट कराने वाले ग्राहकों का डबल थंब स्कैन/आई ब्लिंक कर ई-केवाईसी के माध्यम से सिम चालू करते थे। जिस कस्टमर के पास आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी होती थी उसका विवरण स्वयं ही वेरीफाई कर डी-केवाईसी के माध्यम से अतिरिक्त सिम चालू करते थे। इन फर्जी सिम को म्यूल अकाउंट के ब्रोकर/संवर्धक/संचालकों को बेचते थे, जिन्हें पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
नितेश कुमार शर्मा, पीयूष पांडे, हरविंदर भाटिया, दिलावर सिंह संधू, उदय राम यदु, आशीष कलवानी, चंदन कुमार सिंह, सचिन गिरी, वैभव साहू, सूरज मारकण्डे,अतहर नवाज



