छत्तीसगढ़

कार चालक की लापरवाही ने छीनी 11 साल की मासूम की जिंदगी..

दुर्ग। जिले के खुर्सीडीह-बोरई मार्ग पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्ची हेमलता की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से राजनांदगांव की रहने वाली हेमलता कुछ दिनों से अस्वस्थ थी। परिजन उसे बाइक पर बैठाकर सोमनी क्षेत्र के शिकारी टोला ले जा रहे थे। रास्ते में खुर्सीडीह-बोरई मार्ग पर आगे चल रही एक कार के चालक ने अचानक बिना इंडिकेटर दिए वाहन मोड़ दिया। कार के इस अप्रत्याशित मोड़ के कारण पीछे से आ रही बाइक सीधे कार के दरवाजे से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सबसे ज्यादा चोट हेमलता को लगी। उसके सिर में गंभीर चोट आने से काफी खून बह गया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बाइक पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। बाइक पर हेमलता के अलावा उसके पिता सुदामा, मामा कौशल यादव और एक अन्य रिश्तेदार मौजूद थे, जो बाइक चला रहा था। हादसे में बाइक चालक को भी चोटें आई हैं और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक हाल ही में खरीदी गई थी और उस पर अभी नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। परिजन दोपहर में नगपुरा स्थित रिश्तेदार के घर से भोजन करने के बाद शिकारी टोला के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार क्रमांक PB 10 CZ 4495 के अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना में मौत का कारण बनने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। एक छोटी सी लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और परिवार को जीवनभर का दर्द दे दिया।

Leave a Reply

Back to top button