रायपुर। रायपुर ग्रामीण के सिलयारी क्षेत्र में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले को दबाने के लिए कथित तौर पर पैसों का लेन-देन करने के आरोप में पीड़िता के दादा और एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। वहीं जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में सिलयारी चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल को नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बरामदगी के बाद प्रारंभिक बयान में पीड़िता ने किसी अपराध से इनकार किया था, जिसके आधार पर प्रकरण को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कथित रूप से केस को दबाने के बदले पैसों का लेन-देन दिखाई दिया। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की दोबारा जांच के आदेश दिए।
पुनः दर्ज कराए गए बयान में पीड़िता ने अपने साथ सामूहिक दुष्कर्म होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने कथित रूप से अपराध स्वीकार किया। वायरल वीडियो की जांच के आधार पर पीड़िता के दादा और एक मेडिकल स्टोर संचालक को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।



