छत्तीसगढ़

हेलमेट और सीट बेल्ट अभियान बना जीवन रक्षक, हादसे हुए कम..

भिलाई। दुर्ग जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों (जनवरी से मई) में सड़क हादसों में होने वाली मौतों में 27.12 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इस अवधि में कुल 48 लोगों की जान बची है, जो सड़क सुरक्षा अभियान की सफलता को दर्शाता है।

एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस लगातार हेलमेट, सीट बेल्ट और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा ने बताया कि जिले के प्रमुख चौकों को सुरक्षा चौक के रूप में विकसित कर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

आंकड़ों के अनुसार जनवरी से मई 2025 के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 177 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2026 में यह संख्या घटकर 129 रह गई। जनवरी में 12, फरवरी में 6, मार्च में 8, अप्रैल में 18 और मई में 3 मौतें कम दर्ज की गईं।

यातायात पुलिस ने हेलमेट नहीं पहनने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2025 में जहां 5,648 चालान काटे गए थे, वहीं 2026 में यह संख्या बढ़कर 35,222 पहुंच गई। इसी तरह शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज हुई है। पिछले साल 441 मामलों में कार्रवाई हुई थी, जबकि इस वर्ष 1,397 लोगों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट क्षेत्रों में लगातार निगरानी, सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से सड़क सुधार कार्य और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि यदि लोग यातायात नियमों का पालन करते रहें तो सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में और अधिक कमी लाई जा सकती है।

Leave a Reply

Back to top button