छत्तीसगढ़

CG- आरक्षक सस्पेंड, भीम आर्मी पर FIR, भड़काऊ भाषण देने का आरोप..पुलिसकर्मी की मारपीट को लेकर चालू हुआ था बवाल..

रायपुर। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं पर राजधानी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि राजधानी रायपुर में बिना अनुमति थाना घेराव करने के मामले में पुलिस ने ये कार्रवाई की है। मोवा थाने में प्रदर्शन करने पहुंचे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।

भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर जबरन मारपीट करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। इसके चलते पुलिस प्रशासन ने उन पर भड़काऊ भाषण देने, आवागमन बाधित करने और बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।भीम आर्मी के कार्यकर्ता देवेंद्र मिरी, कुलेश्वर प्रसाद और ओम प्रकाश बंजारे के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने उग्र नारेबाजी की और सड़क पर बैठकर यातायात को बाधित करने की कोशिश की।

पीड़ित गोपाल दास डहरिया ने बताया कि वह सेक्टर-8 सड्डू का निवासी है। 12 मार्च की रात करीब 9 बजे वह विज्ञान भवन के पास अपने भाई की चाय की दुकान पर खड़ा था। वहीं होली के दौरान पुलिसकर्मी सड़क पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर थे।

गोपाल ने बताया कि आरक्षक मनीष साहू युवक से तू-तड़ाक से बात करने लगा, फिर गाल पर थप्पड़ जड़ दिए। पिटाई का कारण पूछने पर आरक्षक ने गाली-गलौज की। वह कहता रहा कि वह अपने भाई की मदद करने दुकान पर आया है, लेकिन पुलिसकर्मी ने बिना किसी कारण के उसकी पिटाई की। पुलिसकर्मी उसे उठाकर जबरन गाड़ी में बैठाने लगा, लेकिन वह डर गया और वहां से भाग गया। पुलिस की पिटाई से युवक के हाथ, पैर और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं।

प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित आरक्षक को निलंबित कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शन करने वाले भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया और FIR दर्ज कर ली। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था को बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। किसी भी संगठन को बिना अनुमति प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जा सकती, खासकर जब इससे शांति भंग होने की आशंका हो।वहीं, भीम आर्मी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे केवल अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे थे और पुलिस का रवैया तानाशाहीपूर्ण रहा। संगठन ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।

Leave a Reply

Back to top button