मंदिर हसौद। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद टोल नाका के पास दो कारों में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक ही कार में सवार दो मेडिकल स्टूडेंट की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 5 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक रिम्स मेडिकल कॉलेज के स्टूंडेंट्स बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। ये एक्सीडेंट बुधवार को सुबह 6 बजे के करीब हुआ।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह नागपुर-कोलकाता मार्ग नेशनल हाईवे 53 में मंदिर हसौद टोल नाका के पास दो कारों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हुंडई क्रेटा क्र. GJ 09 BF 3996 में कुल 04 युवक सवार थे और रायपुर से मंदिरहसौद की तरफ जा रहे थे। वहीं दूसरी सुजुकी कंपनी की कार क्र. CG 17 KU 4250 में 03 युवक सवार थे और मंदिर हसौद से रायपुर की तरफ जा रहे थे। जिंदल स्टील चौक के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर को पार करते हुए सड़क के दूसरी तरफ सुजुकी कार को जबरदस्त टक्कर मार दी।
घटना इतनी जबरदस्त थी की क्रेटा कार उछलकर पलट गई और उसमें सवार दोनों मेडिकल स्टूडेंट की मौत हो गई। एक मृतक का शव कार में बुरी तरह से फंस गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद मंदिर हसौद पुलिस ने टोल नाका के कर्मचारियों के सहयोग से निकाला गया। इस घटना में 5 लोग गंभीर रूप से घायल है। जिन्हे रायपुर मेकाहारा में भर्ती किया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की जांच कर रही है।



