छत्तीसगढ़

CG- बंद कमरे में मिली 2 सगे भाइयों की लाश.. जांच में जुटी पुलिस..

दुर्ग। जिले में कुम्हारी खारुन ग्रीन्स कॉलोनी के एक घर में दो भाइयों की सड़ी-गली लाशें मिली हैं। कॉलोनी के लोगों को जब बदबू आई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो दोनों भाइयों की लाशें पड़ी थीं। यह हत्या है या आत्महत्या कुम्हारी पुलिस इसे लेकर जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम 6.30 बजे फोन आया था कि कॉलोनी के एक मकान से तेज दुर्गंध आ रही है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। 2 सगे भाई सुधांशु शर्मा और हिमांशु शर्मा के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मकान में बदबू आई तो लोगों को हुआ शक

पूछताछ में कॉलोनीवासियों ने बताया कि उन्हें पिछले 2 दिन से किसी ने नहीं देखा। जब आसपास के लोगों को उनके मकान से बदबू आई, तब पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सुधांशु और हिमांशु के परिजनों को बुलाया है। बताया जा रहा है कि दोनों के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसी कॉलोनी में उनके परिवार वाले आसपास रहते हैं।

पूछताछ में परिजनों ने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद से दोनों काफी सदमे में आ गए थे। दोनों काम पर ध्यान नहीं देते थे। शराब पीने के आदी हो गए थे। पुलिस आशंका जता रही है कि दोनों भाइयों ने मकान में बैठकर शराब पी और अधिक शराब पीने से उनकी मौत हुई।

पुलिस ने बताया कि जब हमारी टीम मौके पर पहुंची तो दोनों की लाश अलग-अलग कमरे से बरामद की गई है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कह पाएंगे। पुलिस हर एंगल से मामले की तहकीकात कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button