छत्तीसगढ़

हाथ-पैर बांधकर चौकीदार की गला घोंटकर हत्या, चार बाल अपचारी फरार..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि चार अपचारी बालकों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांधकर गला घोंट दिया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। वारदात के बाद चारों अपचारी मौके से फरार हो गए। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

मृतक की पहचान तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे (40) के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या के बाद शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। साथ ही यह भी दावा किया गया कि उनका तबादला पहले ही हो चुका था, लेकिन उन्हें समय पर कार्यमुक्त नहीं किया गया। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फरार चारों अपचारी बालकों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Back to top button