छत्तीसगढ़

बालोद को मिले नए SP, किरण गंगाराम चव्हाण संभालेंगे जिले की कमान..

बालोद। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादला आदेश के तहत 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी किरण गंगाराम चव्हाण को बालोद जिले का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में सुकमा जिले में एसपी के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, बालोद के मौजूदा एसपी योगेश कुमार पटेल का तबादला सूरजपुर जिले में किया गया है।

किरण गंगाराम चव्हाण का जन्म 20 अगस्त 1993 को महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के एक किसान परिवार में हुआ। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने वर्ष 2018 में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में स्थान हासिल किया और उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सुकमा जैसे नक्सल प्रभावित जिले में कानून-व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब वे जल्द ही बालोद में पदभार ग्रहण करेंगे, जिससे जिले में पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button