रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवां क्षेत्र के कुंबरगढ़ स्थित प्राचीन चतुर्भुजी मंदिर परिसर में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर की प्राचीन बावड़ी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 7 वर्षीय साक्षी साहू और 4 वर्षीय श्रवण धीवर मंदिर परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे करीब 25 से 30 फीट गहरी बावड़ी के पानी में उतर गए और डूब गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पूरे कुंबरगढ़ गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार है जब इस प्राचीन बावड़ी में इस तरह की दुर्घटना हुई है। हादसे के बाद बावड़ी के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाने और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग तेज हो गई है।
धरसीवां थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर भी विचार किया जाएगा।



