छत्तीसगढ़

धान घोटाले में बड़ी कार्रवाई: खरीदी केंद्र प्रभारी के घर छापा, 16 लाख कैश, दस्तावेज और कंप्यूटर जब्त..

कवर्धा। कबीरधाम जिले में सामने आए कथित धान घोटाले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। धान उपार्जन केंद्रों से धान गायब होने के मामले में पुलिस अब तक 6 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। जांच के तहत आरोपियों के घरों और कार्यालयों में लगातार छापेमारी कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने लोहारा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी गंगादास मानिकपुरी के घर और कार्यालय में दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने 16 लाख रुपये नकद, बैंक पासबुक, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कार्यालय में रखा कंप्यूटर बरामद कर जब्त कर लिया। जब्त सामग्री को जांच में शामिल कर उसकी गहन पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धान घोटाले से जुड़े अन्य नामजद आरोपियों के घरों और कार्यालयों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

जिले में धान घोटाले को लेकर लगातार हो रही कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Back to top button