रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिसिंग को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल वितरित किए। इन उपकरणों की मदद से अब पुलिस घटनास्थल पर ही फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रूप से रिकॉर्ड कर सकेगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद पुलिस जांच में डिजिटल तकनीक की भूमिका काफी बढ़ गई है। स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल के जरिए विवेचक मौके पर ही पुलिस एप्लीकेशन में केस से जुड़ी जानकारी अपडेट कर सकेंगे। इससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और विश्वसनीय बनेगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्ष्य न्यायालय में अभियोजन पक्ष को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर की गई विवेचना से अपराधियों के खिलाफ मजबूत केस तैयार होगा और पीड़ितों को समय पर न्याय मिलने में मदद मिलेगी।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और विवेचकों को निर्देश दिए कि इन उपकरणों का उपयोग केवल शासकीय कार्यों के लिए किया जाए तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के अनुरूप तकनीक आधारित जांच को प्राथमिकता दी जाए।
कार्यक्रम के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी प्रभात पटेल, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।



