रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कार्यकाल को लेकर अटकलों के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टी.एस. सिंह देव (टीएस बाबा) को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मांग सोशल मीडिया पर जोर पकड़ने लगी है। फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टीएस सिंह देव के समर्थन में पोस्टर वायरल हो रहे हैं, जिनमें उन्हें संगठन की कमान सौंपने की मांग की जा रही है।
सरगुजा सहित प्रदेश के कई कांग्रेस समर्थकों और स्थानीय नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है कि “जिसने हर परिस्थिति में संगठन का साथ निभाया, अब समय है उनके अनुभव को नई जिम्मेदारी देने का। टीएस बाबा के नेतृत्व में मजबूत कांग्रेस।” इन पोस्टरों के वायरल होने के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर टीएस सिंह देव ने संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद का कोई निर्धारित कार्यकाल नहीं होता। उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपक बैज की नियुक्ति के समय भी किसी निश्चित अवधि का उल्लेख नहीं किया गया था। जब तक पार्टी नेतृत्व जिम्मेदारी देता है, तब तक प्रदेश अध्यक्ष अपना दायित्व निभाते हैं।
टीएस सिंह देव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति और संगठन से जुड़े सभी निर्णय कांग्रेस हाईकमान ही लेता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे समर्थन अभियान को लेकर कहा कि कई लोग अपनी भावनाएं सार्वजनिक कर देते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में संयम बरतना चाहिए। इस तरह की पोस्ट और अटकलें अनावश्यक राजनीतिक भ्रम की स्थिति पैदा करती हैं।
प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, लेकिन फिलहाल पार्टी की ओर से प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में सभी की निगाहें कांग्रेस हाईकमान के अगले फैसले पर टिकी हैं।



