सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 13 वर्षीय किशोर की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में मृतक के नाबालिग दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने अपने दोस्त को घर बुलाकर गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को खेत में दफना दिया था।
पुलिस के अनुसार, मामला परसादाखुर्द गांव का है। गांव निवासी सौखी कुमार केंवट ने अपने 13 वर्षीय बेटे कपिल केंवट की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 8 जुलाई को कपिल गांव के हेमंत केंवट के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। प्रारंभिक पूछताछ में हेमंत ने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया था।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी से लगातार पूछताछ की। पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी ने बताया कि करीब सात महीने पहले हरदा गांव के कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ था। उसे शक था कि कपिल ने ही इस विवाद की जानकारी गांव के लोगों और उसके परिजनों को दी थी। इसी रंजिश में उसने कपिल को अपने घर बुलाया और विवाद के दौरान गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए शव को खेत में दफना दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत से शव बरामद किया और हत्या में इस्तेमाल किया गया रापा भी जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



