रायपुर। गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में रायगढ़, जांजगीर, राजनांदगांव और कांकेर जिले में लू (हीट वेव) का अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले 4 दिन में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ने का अनुमान जताया है।
गुरुवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री रायगढ़ में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री बलरामपुर में रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश के 10 जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर है।
मई में मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान 43 से 44 डिग्री तक जाने का ट्रेंड है। इस महीने तापमान इतना ही रहने का अनुमान है। हीट वेव यानी लू के दिन भी तीन से चार दिन ही रहेंगे। वो भी केवल मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में। रायपुर में भी लू चलने के आसार हैं, लेकिन इसके दिन और कम हो सकते हैं।
5 मई से राज्य में सिस्टम सक्रिय
5 मई से राज्य में सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 5 और 6 मई को सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश-बौछारें पड़ सकती हैं। इससे तापमान में कमी आएगी, लेकिन सिस्टम का असर ज्यादा समय नहीं रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बादल छंटते ही तापमान 4 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है।
24 घंटे में 1 डिग्री गिरा पारा
सोमवार से राजधानी सहित पूरे प्रदेश में तेज गर्मी पड़ रही है। बुधवार को रायपुर में पारा 42 के पार था, जबकि रायगढ़ में 44 के करीब था। रायपुर में गुरुवार को तापमान करीब 1 डिग्री गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में दूसरे दिन भी सर्वाधिक तापमान रायगढ़ में 43 रहा। रायपुर में आज दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और रात का पारा 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
शहर अधिकतम तापमान
रायपुर 41.4 डिग्री
रायपुर (माना) 40.5 डिग्री
बिलासपुर 40.4 डिग्री
अंबिकापुर 37.8 डिग्री
पेंड्रा 37.8 डिग्री
जगदलपुर 39.4 डिग्री
राजनांदगांव 42 डिग्री
दुर्ग 42.4
लू से बचाव के लिए कुछ ज़रूरी बातों का ध्यान रखना बहुत ज़रूरी है।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। प्यास लगने का इंतज़ार न करें। दिन भर में थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहें।
- नारियल पानी, छाछ, नींबू पानी, और ORS घोल जैसे तरल पदार्थों का भी सेवन करें।
- गर्मी से बचने के लिए शराब और कैफीनयुक्त पेय पदार्थों से बचें।
- सिर पर टोपी या स्कार्फ पहनें।
- धूप का चश्मा पहनें।
- सुबह जल्दी या शाम को देर से बाहर निकलें।
- ज़रूरी होने पर ही बाहर निकलें।
- धूप में ज़्यादा देर तक न रुकें।
- बाहर निकलते समय सनस्क्रीन ज़रूर लगाएं।
- पंखे और कूलर का इस्तेमाल करें।
इन लक्षणों पर ध्यान दें:
- तेज़ बुखार
- चक्कर आना
- सिरदर्द
- मतली और उल्टी
- त्वचा का लाल होना और सूखना
- प्यास लगना
- पेशाब कम होना
अगर आपको ये लक्षण दिखते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।



