
जगदलपुर
एनएच 30 में आज सुबह करीब पौने तीन बजे पायल ट्रेवल्स की बस और कार में टक्कर हो गई. इस दर्दनाक हादसे में कार सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, वही एक घायल हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शवों को निकालने के लिए गैस कटर का उपयोग किया गया. गैस कटर से कार को काटकर 2 शवों को बाहर निकालना पड़ा. घायल को अस्पताल ले जाया गया है. घटना के बाद बस ड्राइवर व कंडेक्टर फरार हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार, नगर पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि रायपुर से यात्रियों को लेकर जगदलपुर की ओर आ रही पायल ट्रेवल्स की बस सीजी 07 ई 9922 आसना के आगे मेटावाड़ा पुल के पास जगदलपुर की ओर से आसना की ओर जा रही टाटा नेक्सान वाहन में जोरदार टक्कर हो गई. टाटा नेक्सान में 5 युवक सवार थे. मौके पर ही 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है. गिलहल पुलिस शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं.

घटना के बाद से बस चालक व परिचालक फरार हो गए हैं. 4 युवक जगदलपुर के अलग-अलग जगह के थे, जबकि एक युवक सुकमा का बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों के बारे में पतासाजी कर रही है.



