राज्य

चरखी दादरी में थाना के सामने स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग, सात लोग गंभीर घायल

 चरखी दादरी
शहर में गुरुवार को कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी वारदात सामने आई। सिटी थाना के ठीक सामने दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने एक स्ककार्पियो गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावार मौके से पैदल ही फरार हो गए।

गोलियों की गूंज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में स्कार्पियो सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायरिंग इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए नागरिक अस्पताल चरखी दादरी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी सात घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। जिन लोगों को गोलियां लगी हैं उसमें अंकित मानकावास, कीर्तिमान हिसार, कृष्ण महेंद्रगढ़,सूरज मानहेरू, अंकित भिवानी, विजय उर्फ सन्नी हिसार,अमित फतेहगढ़ शामिल हैं।

डीएसपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक , डीएसपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम की भी सहायता ली जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

दिनदहाड़े थाना के सामने हुई इस वारदात से शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस हमलावरों की तलाश दबिश दे रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल फायरिंग के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।

 

Leave a Reply

Back to top button