रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार शासन-प्रशासन को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। जुलाई के पहले सप्ताह में नवा रायपुर स्थित IIM में चिंतन शिविर 3.0 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश के सभी मंत्री शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस शिविर का उद्देश्य मंत्रियों की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाना है। कार्यक्रम में प्रशासन, नीति निर्माण, तकनीक, जनसेवा और विकास से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही बदलते समय के अनुरूप शासन व्यवस्था में नवाचार और बेहतर प्रबंधन पर भी चर्चा होगी।
शिविर में सरकार की भविष्य की योजनाओं, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक सुधारों पर व्यापक मंथन किया जाएगा। इससे पहले भी नवा रायपुर स्थित IIM में मंत्रियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। चिंतन शिविर 3.0 के माध्यम से सरकार प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और आने वाले वर्षों की रणनीति तय करने की दिशा में अहम पहल करने जा रही है।



