बस्तर जिले में स्थित विश्वप्रसिद्ध जलप्रपात चित्रकोट से शुक्रवार की दोपहर एक युवती ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। युवती के आत्महत्या करने के दौरान पूरी घटना को पास मौजूद एक पर्यटक ने अपने मोबाइल कैमरे से कैद कर लिया है, जिससे कुछ ही देर में यह घटना सोशल मीडिया में वायरल होने लगी। घटना के संबंध में लोहंडीगुड़ा एसडीओपी पंकज ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिसबल और गोताखोरों को तैनात कर दिया गया है।
वहीं आसपास मौजूद पर्यटकों व अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना के संबंध में बताया कि आज जलप्रपात में गर्मी की वजह से भीड़ कम थी, तभी अचानक वह युवती घूमते घूमते जलप्रपात के पास जाने लगी। अमूमन कई पर्यटक सेल्फी लेने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर पानी के करीब भी चले जाते हैं, आसपास मौजूद लोगों ने युवती द्वारा सेल्फी लेने पास जाना समझा पर जब तक वे समझ पाते युवती पानी में उतर गई थी।




