मुंबई। काजोल के साथ वेब सीरीज ‘द ट्रायल’ में काम कर चुकी एक्ट्रेस और कतर एयरवेज की पूर्व एयर होस्टेस नूर मालाबिका दास ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को एक्ट्रेस का शव उनके मुंबई स्थित घर में सड़ी-गली हालत में मिला है। पुलिस ने 6 जून को मुबंई के लोखंडवाला स्थित उनके फ्लैट से एक्ट्रेस का शव बरामद किया जो पंखे से लटका मिला।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने 6 जून को नूर मालाबिका दास का शव उनके लोखंडवाला घर से बरामद किया। जहां एक्ट्रेस का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस का कहना है कि उन्होंने सुसाइड की है। हालांकि, मौत का कारण अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि नूर मालाबिका के आस-पास रहने वालों को उनके घर से बदबू आ रही थी। पड़ोसियों ने जब ओशिवारा पुलिस को इस बारे में सूचना दी, तो उन्होंने एक्ट्रेस के घर का दरवाजा तोड़कर फ्लैट में जाकर चेक किया। अंदर घुसने पर पुलिस ने नूर का शव सड़ी-गली हालत में पंखे से लटका हुआ पाया। ये भी बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब नूर के घरवालों से संपर्क करने की कोशिश की तो कोई भी सामने नहीं आया और ना किसी ने उनका शव लिया। ऐसे में पुलिस ने लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करने वाली NGO की मदद से रविवार को नूर का अंतिम संस्कार कर दिया है।
नूर मालाबिका दास 32 साल की थीं। वो असम की रहने वाली थीं। उन्होंने कई हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया है। इनमें सिसकियां, वॉकमैन, तीखी चटनी, जघन्या उपाय, चरमसुख, देखी अनदेखी, बैकरोड हलचल`आदि शामिल हैं।



