बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक बार फिर सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। तिफरा ओवरब्रिज के पास चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलकर एक युवती स्टंट करती नजर आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में तेज रफ्तार कार के सनरूफ से बाहर निकली युवती लापरवाही भरा करतब करती दिखाई दे रही है। यह स्टंट न केवल उसकी जान के लिए खतरा बन सकता था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा जोखिम था।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस तरह की हरकतों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस लगातार स्टंटबाजों के खिलाफ अभियान चला रही है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में युवा अब भी अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं।
प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि वायरल वीडियो के आधार पर वाहन और संबंधित लोगों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।



