सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार के सासाराम से अंबिकापुर जा रही यात्री बस प्रतापपुर-शिवपुर मार्ग पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब 12 यात्री घायल हो गए हैं, जबकि चार यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
टायर फटते ही चालक ने खोया नियंत्रण
मिली जानकारी के अनुसार, यात्री बस प्रतापपुर के शिवपुर मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस का टायर फट गया। टायर फटने से चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
12 यात्री घायल, चार की हालत गंभीर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हुए हैं। इनमें चार यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज प्रतापपुर अस्पताल में जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस का टायर फटना दुर्घटना की प्रमुख वजह बताई जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



