बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के ग्राम सुकली में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में 28 वर्षीय महिला और उसके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।
मां और दो बच्चों की हुई मौत
मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), उनके 10 वर्षीय बेटे चिराग दास मानिकपुरी और 5 वर्षीय बेटे दिव्यांश मानिकपुरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना 19 नवंबर की रात की है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका, पारिवारिक विवाद की भी चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की आशंका है। मामले में यह भी चर्चा सामने आई है कि परिवार में विवाद चल रहा था और महिला के पति की दूसरी शादी की बात कही जा रही है। हालांकि, इन चर्चाओं की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही गिरौदपुरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल भेज दिया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों सहित घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।



