अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 10 वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के मथुआपारा की है, जहां किराए के मकान में रहने वाली पांचवीं कक्षा की छात्रा अंजिता एक्का की मौत हो गई। घटना के समय बच्ची घर में अकेली थी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम बच्ची के पिता अपनी छोटी बेटी को साथ लेकर होटल में काम करने वाली पत्नी को लेने गए थे। करीब छह बजे जब दंपती वापस घर पहुंचे, तो उनका छोटा बेटा बाहर खेलता मिला। उसने बताया कि उसकी बड़ी बहन अंदर सो रही है।
काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों ने आशंका के चलते दरवाजा तोड़ दिया। अंदर बच्ची गंभीर हालत में मिली। परिजन उसे तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि अंजिता तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता मजदूरी करते हैं, जबकि मां होटल में काम करती हैं। बच्ची की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



