छत्तीसगढ़

कोरबा में ठेका श्रमिक ने फांसी लगाकर दी जान, खेत में पेड़ से लटका मिला शव..

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के चिकनीपाली गांव में बालको प्लांट की ठेका कंपनी में काम करने वाले 50 वर्षीय श्रमिक की मौत का मामला सामने आया है। पूरन सिंह कंवर का शव रविवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने खेत में पेड़ से शव लटका देखा, जिसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उरगा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और घटनास्थल की प्रारंभिक जांच की।

परिजनों के अनुसार, पूरन सिंह पिछले करीब पांच दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। जब परिवार के लोग उसे ड्यूटी पर जाने के लिए कहते थे, तो वह कोई न कोई कारण बताकर टाल देता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में भी था।

शनिवार रात पूरन सिंह ने परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह वह घर में नहीं मिला। बाद में उसका शव खेत में पेड़ से लटका हुआ मिला।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Back to top button