बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गणेश चतुर्थी के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव की है, जहां गणेश पूजा पंडाल के पास दो युवकों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर की शाम अमन सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी गणेश पूजा पंडाल के पास मौजूद थे। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अमन ने कथित तौर पर चाकू से आकाश के सीने पर कई वार कर दिए।
चाकूबाजी की घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय आकाश सूर्यवंशी के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अमन सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में डीजे और साउंड सिस्टम को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है और वह पहले नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ और जांच के बाद हत्या की वास्तविक वजह तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।



