छत्तीसगढ़

गरियाबंद में गांजा तस्करी का नया तरीका उजागर: ट्रक की छत पर छिपाकर ले जा रहे थे 400 किलो गांजा, 5 गिरफ्तार..

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ट्रक की छत पर तिरपाल के नीचे छिपाया था गांजा

मामला देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट का है। पुलिस टीम 23 अगस्त की रात वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे एक आयशर वाहन को रोका गया।

जांच के दौरान वाहन की छत पर काले तिरपाल से ढके कुछ पैकेट दिखाई दिए। संदेह होने पर पुलिस ने पैकेटों की तलाशी ली तो उनमें गांजा बरामद हुआ। वजन कराने पर कुल 400 किलो गांजा मिला।

आगे बाइक से चल रहे थे पायलट

पूछताछ में वाहन सवार आरोपियों ने बताया कि उनके आगे एक बाइक चल रही थी। बाइक पर सवार लोग रास्ते में पुलिस की गतिविधियों और चेकिंग की जानकारी पीछे आ रहे वाहन तक पहुंचा रहे थे।

जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार पंकज मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी पकड़ लिया।

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा

पुलिस के अनुसार, गांजा ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पूछताछ में सप्लाई के स्रोत के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ओडिशा पहुंची और कालाहांडी जिले के डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी को गिरफ्तार किया। उसके पास से गांजा बिक्री से मिले बताए गए 5 लाख रुपए नकद भी बरामद किए गए।

वाहन, बाइक और नकदी भी जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजे के अलावा करीब 20 लाख रुपए कीमत का आयशर वाहन, एक बाइक, 3 मोबाइल फोन और 6.50 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

गरियाबंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Back to top button