दुर्ग। भिलाई के घासीदास नगर वार्ड क्रमांक 23 स्थित हमर क्लीनिक में कार्यरत 32 वर्षीय नर्स ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नर्स का शव क्लीनिक परिसर के स्टाफ रूम में मिला। घटना के बाद क्लीनिक में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान नेहा महिलांग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नेहा करीब पांच वर्षों से हमर क्लीनिक में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। लगभग एक वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी और वह अपने पति के साथ रहती थीं।
जानकारी के अनुसार, रविवार को नेहा के पति ने उन्हें स्टाफ रूम में फंदे पर लटका देखा। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में नर्स ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस मामले की जांच में मृतका के पति, परिजनों और क्लीनिक के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और संदेशों की भी जांच की जा रही है। साथ ही क्लीनिक में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध होने पर उसे भी खंगाला जाएगा।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले घटना के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। वैवाहिक जीवन, कार्यस्थल और व्यक्तिगत परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



