छत्तीसगढ़

CG Paper Leak Breaking: 36 घंटे में पेपर लीक कांड का खुलासा, प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार..

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने वाले मामले में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। राजधानी पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले का मास्टरमाइंड दुर्ग स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज का प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया है। आरोप है कि उसने प्रश्नपत्र के लिफाफे में छेद कर मोबाइल से पेपर की रिकॉर्डिंग की और उसकी सामग्री तैयार कर कॉलेज के छात्रों को 11 हजार रुपये में बेच दी।

इसके बाद पेपर कई छात्रों तक पहुंचा और परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की जांच के लिए 100 से अधिक पुलिस टीमों को अलग-अलग जिलों में लगाया गया था। साइबर जांच, सोशल मीडिया की निगरानी और लगातार पूछताछ के बाद पुलिस ने 36 घंटे में पेपर लीक के नेटवर्क का खुलासा किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सूजा और फेविकोल सहित अन्य सामान जब्त किया है।

इस मामले में प्रोफेसर सहित 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि 2 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button