बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राजपुर थाना क्षेत्र के सेवारी के पास मजदूरों से भरी पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के वक्त पिकअप में 10 मजदूर सवार थे, जो नरोला गांव से टमाटर की खेती के लिए शंकरगढ़ जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए सभी 7 घायलों को अंबिकापुर रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



