कवर्धा। जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंगेली-पंडरिया मार्ग पर डोमसरा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने मोपेड सवार पिता-पुत्री को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 35 वर्षीय फुलेश्वरी निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पिता-पुत्री खेत में काम करने के बाद मोपेड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिजली ऑफिस के सामने तेज रफ्तार कार ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फुलेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल पिता को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।



