छत्तीसगढ़

बेटी को डराकर करता रहा शोषण, नवजात को बेचने के आरोप में पिता गिरफ्तार..

रायपुर। राजधानी रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात शिशु की कथित बिक्री का गंभीर मामला सामने आया है। न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामले में नाबालिग के पिता और बुआ समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर नाबालिग की उम्र छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और नवजात को बेचने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 से उसके साथ लगातार शोषण किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आरोप है कि जब पीड़िता गर्भवती हुई तो उसे गर्भपात के लिए दवाइयां भी दी गईं।

इसके बाद दोबारा गर्भवती होने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उसकी उम्र छिपाने की कोशिश की। पुलिस जांच में फर्जी पहचान संबंधी दस्तावेज तैयार कराने और उसे बालिग बताकर निजी अस्पताल में भर्ती कराने की बात सामने आई। अस्पताल में बच्चे के जन्म के बाद नवजात को कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपे जाने का मामला भी जांच में सामने आया।

पुलिस ने मामले में पिता और बुआ के अलावा डॉक्टर समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब नवजात को कथित तौर पर लेने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने और नवजात को सौंपने की पूरी प्रक्रिया में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button