छत्तीसगढ़

पेड़ से लटका मिला 21 वर्षीय युवक का शव, आत्महत्या की आशंका..

जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खिसोरा में एक 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव खेत की मेड़ पर लगे अर्जुन के पेड़ से लटका हुआ मिला। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मृतक की पहचान उदय कुमार कश्यप के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उदय सोमवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। मंगलवार सुबह वह कमरे में नहीं मिला, जिसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत की ओर अर्जुन के पेड़ पर उसका शव लटका हुआ दिखाई दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान युवक के पास से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। युवक की मौत के पीछे किसी तरह का तनाव, पारिवारिक विवाद या अन्य कारण था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button