छत्तीसगढ़

रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप रखकर ट्रेन हादसे की कोशिश? रायपुर में मचा हड़कंप..

रायपुर। राजधानी रायपुर में रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप रखकर रेल यातायात बाधित करने का मामला सामने आया है। घटना गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच की है। ट्रैक पर पाइप मिलने के बाद रेलवे और जीआरपी में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, 18 अगस्त की शाम करीब 5:20 बजे रेलवे ट्रैक के किलोमीटर नंबर 827/24 बी पर अज्ञात व्यक्ति ने करीब 1.5 इंच मोटा और 7 फीट लंबा लोहे का पाइप रख दिया था। इसी दौरान वहां से मालगाड़ी गुजर रही थी।

ट्रैक पर लोहे की वस्तु रखे होने की जानकारी सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की। घटना को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174(सी) और 147 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर इस तरह वस्तु रखना बेहद गंभीर अपराध है। इससे ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने और यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो सकता था। फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।

जीआरपी थाना रायपुर ने आरोपी की पतासाजी के लिए गुढ़ियारी थाना पुलिस से भी सहयोग मांगा है। आसपास के इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पाइप ट्रैक पर किसने रखा और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी।

Leave a Reply

Back to top button