छत्तीसगढ़

रायपुर में तिरंगे के अपमान का आरोप, डस्टबिन में मिला राष्ट्रीय ध्वज; पुलिस जांच में जुटी..

रायपुर। राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास डस्टबिन में तिरंगा मिलने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

17 अगस्त की सुबह मिला तिरंगा
शिकायतकर्ता विकास मानिकपुरी के अनुसार, वह 17 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे सैनी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पेट्रोल मशीन के पास रखे कचरे के डिब्बे पर पड़ी। डस्टबिन में राष्ट्रीय ध्वज रखा हुआ दिखाई दिया।

15 अगस्त के बाद डाले जाने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान लगाए गए तिरंगे को समारोह समाप्त होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने डस्टबिन में डाल दिया। शिकायतकर्ता ने इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच
तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है, ताकि तिरंगे को डस्टबिन में डालने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके।

फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button