छत्तीसगढ़

15 अगस्त से पहले राजधानी में सुरक्षा कड़ी, वारंटियों से लेकर हथियारबाजों तक पर कार्रवाई..

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए राजधानी में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रायपुर नॉर्थ जोन पुलिस ने 10 और 11 अगस्त को विशेष चेकिंग अभियान चलाकर करीब 300 निगरानी बदमाशों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध लोगों की जांच की। इनमें से करीब 130 लोगों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 100 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। वहीं खमतराई और पंडरी क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर घूम रहे 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

19 वारंट तामील

पुलिस ने अभियान के दौरान लंबे समय से फरार 6 स्थायी वारंटियों को पकड़ा। इसके अलावा 10 गिरफ्तारी वारंट और 3 जमानती वारंट तामील किए गए। कुल 19 वारंट पर कार्रवाई की गई।

चोरी के मामले में नाबालिग और कबाड़ी पकड़े गए

उरला थाना क्षेत्र में चोरी के एक मामले में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पूछताछ में चोरी का सामान उरला के कबाड़ी को बेचने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी मुकेश दास को भी पकड़ा और दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।

रात में भी जारी रहेगी निगरानी

पुलिस देर रात बेवजह घूमने वालों, अड्डेबाजी करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रख रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस तक चेकिंग और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Back to top button