छत्तीसगढ़

रायपुर में तेज रफ्तार कार का कहर: स्कूल से लौट रही 8 वर्षीय छात्रा को मारी टक्कर, पैर की हड्डी टूटी, चालक फरार..

रायपुर | राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 8 वर्षीय छात्रा को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके पैर की हड्डी टूट गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घायल छात्रा महिमा ध्रुव (8 वर्ष) चौथी कक्षा की छात्रा है। वह अपनी बहन और भाई के साथ स्कूल से ऑटो में घर लौट रही थी। कंकाली तालाब के पास ऑटो से उतरकर जैसे ही वह शीतला मंदिर गली की ओर पैदल जा रही थी, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची सड़क पर दूर जा गिरी। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर एम्स रायपुर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने स्कूल समय में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Back to top button