छत्तीसगढ़

CG Breaking: भाजपा को बड़ा झटका, डोंगरगढ़ शहर मंडल के 111 सदस्यों ने दिया सामूहिक इस्तीफा..

राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल के 111 सदस्यों ने सामूहिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

बताया जा रहा है कि शहर मंडल अध्यक्ष से नाराजगी सामूहिक इस्तीफे की प्रमुख वजह है। सोशल मीडिया पर भाजपा जिला अध्यक्ष के नाम संबोधित सामूहिक इस्तीफे का पत्र भी सामने आया है।

इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मंडल अध्यक्ष के कार्यकाल में वरिष्ठ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही है। पत्र में गुटबाजी, दबाव में फैसले लेने और परिवारवाद को बढ़ावा देने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि लगातार पार्टी के लिए काम करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। इसी से नाराज होकर उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का फैसला लिया।

डोंगरगढ़ शहर मंडल के 111 सदस्यों के सामूहिक इस्तीफे के बाद अब भाजपा संगठन के सामने नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने और संगठन में उपजे विवाद को सुलझाने की बड़ी चुनौती है।

Leave a Reply

Back to top button