छत्तीसगढ़

करोड़ों की ठगी कर फरार हुआ 21 वर्षीय आरोपी, अब देशभर में तलाश तेज..

जांजगीर-चांपा। शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जांजगीर-चांपा, चांपा और कोरबा समेत कई क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा दिलाने का लालच देकर रकम निवेश कराई थी। इसके बाद वह करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ बम्हनीडीह और चांपा थाने में धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मामले दर्ज हैं।

कोर्ट में पेश नहीं हुआ आरोपी, कई वारंट जारी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ विभिन्न न्यायालयों में भी मामले लंबित हैं। लगातार न्यायालय में अनुपस्थित रहने के कारण उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं। इसके बाद अब गृह मंत्रालय के माध्यम से उसके खिलाफ LOC जारी किया गया है।

एयरपोर्ट और बॉर्डर पर रखी जाएगी नजर

लुक आउट सर्कुलर जारी होने के बाद आरोपी के देश से बाहर जाने की कोशिश पर निगरानी रखी जा सकेगी। एयरपोर्ट, बंदरगाह और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर उसकी आवाजाही को लेकर अलर्ट जारी रहेगा।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Back to top button